अमेठी। अमेठी में थौरा गांव के पास शुक्रवार देर रात बुलेट और डीसीएम में आमने-सामने टक्कर से तीन युवकों की मौत हो गई। महाराजपुर निवासी उत्कर्ष सिंह (सैनिक), बजरंग सिंह और अंशु सिंह पड़ोसी की शादी से लौट रहे थे। उत्कर्ष शुक्रवार दोपहर जम्मू से छुट्टी पर घर पहुंचे थे। परिवार से मिलकर शाम को सीधे दोस्त की शादी में शामिल होने गए। रात में वापसी के दौरान तीनों हादसे का शिकार हो गए।बारात महाराजपुर निवासी शेरा लाल कोरी के घर से हारीपुर गई थी। शादी समारोह से तीनों युवक लौट रहे थे। थौरा गांव की सीमा में उनकी बुलेट आगे से आ रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर में उत्कर्ष और बजरंग की घटनास्थल पर मौत हुई। अंशु को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।










