बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने देशभर में आक्रोश फैला दिया है, जिसमें एक कथित छात्र नेता खुलेआम एक हिंदू पुलिस अफसर की लिंचिंग पर डींग मारता दिखाई दे रहा है।यह वीडियो एक्स पर एक पत्रकार और लेखक साहिदुल हसन खोकोन ने शेयर किया था। वीडियो में युवक खुद को हबीगंज जिले का छात्र समन्वयक बताते हुए पुलिस अधिकारियों को खुलेआम धमकी देता नजर आता है। वह कहता है कि जुलाई 2024 के आंदोलन के दौरान उन्होंने एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया था और हिंदू सब-इंस्पेक्टर संतोष भाभू को जिंदा जला दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि वह यह बयान एक पुलिस थाने के भीतर बैठकर, बिना किसी डर या पछतावे के देता है।










