दूसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के राफेल नडाल ने नीदरलैैंड्स के बोटिक वान डी जैैंड्स्कल्प को हराकर वर्ष के तीसरे ग्रैैंडस्लैम विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 22 बार के ग्रैैंडस्लैम विजेता नडाल ने जैैंड्स्कल्प को 6-4, 6-2, 7-6 (6) से हराया। इस जीत के बाद उन्होंने खिताब के लिए एक और कदम बढ़ा दिया है। उनका सामना अब 11वीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज से होगा।
नडाल ने इस साल आस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन के खिताब अपने नाम किए हैैं और उनकी नजरें विंबलडन में भी जीत हासिल कर कैलेंडर स्लैम की ओर कदम बढ़ाने पर टिकी हैैं। नडाल यहां 2019 में सेमीफाइनल में मिली हार के बाद पहली बार खेल रहे हैैं और उन्हें इस सतह में ढलने में दिक्कतें आ रही हैैं।
इससे पहले, जैैंड्स्कल्प ने नडाल के सामने कुछ चुनौतियां पेश की और ओपनिंग सेट में स्कोर 4-5 किया था। लेकिन नडाल ने उनकी सर्विस तोड़ी और पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में नडाल ने जैैंड्स्कल्प को अपने ऊपर बिलकुल भी हावी होने नहीं दिया और आसानी से इसे अपने नाम किया। तीसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और एक वक्त स्कोर 5-3 हो गया। इस सेट का निर्णय बाद में टाईब्रेक में जाकर हुआ जहां नडाल ने 30 शाट की रैली जीतकर इसे अपने नाम किया।
सानिया-पाविक की जोड़ी सेमीफाइनल में
भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और क्रोएशिया के उनके जोड़ीदार मेट पाविक ने कड़े मुकाबले में गैब्रिएला दाब्रोवस्की और जान पीयर्स को हराकर विंबलडन के मिकस्ड डबल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सानिया और पाविक की छठी वरीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में कनाडा और आस्ट्रेलिया की जोड़ी को एक घंटे 41 मिनट में 6-4, 3-6, 7-5 से हराया। भारत और क्रोएशिया की जोड़ी सेमीफाइनल में राबर्ट फराह और येलेना ओस्टापेंको की सातवीं वरीय जोड़ी और नील स्कुप्सी और डिजायर क्राविक की दूसरी वरीय जोड़ी के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता से भिड़ेगी। आल इंग्लैंड क्लब पर मिकस्ड डबल्स में यह सानिया का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह इससे पहले 2011, 2013 और 2015 में क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं।










