सीबीएसई (CBSE) 12वीं कक्षा में 114 और 10वीं कक्षा में 75 विषयों की परीक्षा करवाने का प्रस्ताव रखा है। अगर इन सभी विषयों की परीक्षा होती है तो परीक्षा की अवधि लगभग 45-50 दिनों की होगी। इसलिए सीबीएसई संबद्ध स्कूलों में परीक्षा तिथि जारी कर इन विषयों की परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा की अवधि 90 मिनट की होगी।
CBSE द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, टर्म 1 परीक्षा को मेजर और माइनर सब्जेक्ट्स में डिवाइड किया जाएगा। नोटिफिकेशन में ये भी कहा गया है कि माइनर सब्जेक्ट की परीक्षा 16 नवंबर से शुरू होगी जबकि सभी प्रमुख विषयों की परीक्षा 24 नवंबर 2021 से शुरू होगी। सभी छात्रों के लिए टर्म 1 परीक्षाएं देना अनिवार्य है।
CBSE ने 10वीं और 12वीं टर्म -1 परीक्षा के लिए सभी नई ओएमआर शीट को फाइनल कर दिया है। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल होंगे। ऐसा पहली बार होगा कि परीक्षा के दिन ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। परीक्षा 16 नवंबर से शुरू होगी और 90 मिनट का समय दिया जाएगा। इस साल क्लास 10 और 12 के करीब 36 लाख छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। टर्म 1 परीक्षा के प्रत्येक पेपर में अधिकतम 60 प्रश्न होंगे। छात्रों को अपने उत्तर ओएमआर शीट पर केवल पेन से अंकित करने होंगे।
अगर छात्र की गलती से किसी प्रश्न का उत्तर गलत हो जाए तो चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि ओएमआर शीट में एक अलग से प्रत्येक उत्तर के साथ बॉक्स दिए गए हैं। यदि उम्मीदवार उत्तर बदलना चाहते हैं तो वह आंसर बदल सकते हैं। बोर्ड की तरफ से यह फैसला छात्र हितों को देखते हुए लिया गया है।
इस साल से परीक्षा के दिन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। उसके बाद उस कॉपी को सीबीएसई भेजना होगा। सीबीएसई द्वारा इस नए ओएमआर शीट पर नंबर के मुल्याकंन प्रक्रिया का वीडियो उम्मीदवारों और शिक्षकों के साथ शेयर किया जाएगा।










