नोकिया ब्रैंड की स्मार्टफोन मार्केट में एचएमडी ग्लोबल के साथ वापसी हुई तो कंपनी का फोकस पुराने फीचर फोन्स को नए रूप में लॉन्च करने पर था। कंपनी यहीं नहीं रुकी। इसके बाद ढेरों नए स्मार्टफोन्स हर सेगमेंट में उतारे। इससे बड़े मार्केट शेयर पर फिर नोकिया का नाम देखने को मिला। जब फ्लैगशिप फोन लॉन्च करने की बात आई तो नोकिया इनोवेशंस से पीछे नहीं हटा और Nokia 9 PureView में 5 कैमरे रियर पैनल पर देखने को मिले।
कंपनी ने सैमसंग और ऐपल जैसे ब्रैंड्स को इनोवेशन के मामले में पीछे छोड़ दिया है। अक्टूबर में कंपनी की ओर से Nokia 9.3 PureView लॉन्च किया जा सकता है। सैमसंग या ऐपल से पहले अंडर स्क्रीन कैमरा टेक नोकिया इस फोन में लेकर आ सकता है। सैमसंग और शाओमी जैसे ब्रैंड्स लंबे समय से ऐसी टेक्नॉलजी पर काम कर रहे हैं, जिसकी मदद से फिंगरप्रिंट स्कैनर की तरह ही सेल्फी कैमरा को भी डिस्प्ले के अंदर दिया जा सके। इस तरह डिस्प्ले पर कोई नॉच, पंच-होल या किसी पॉप-अप कैमरा मकैनिज्म की जरूरत नहीं पड़ेगी। नोकिया एक कदम आगे बढ़कर यह टेक्नॉलजी अगले फ्लैगशिप में लेकर आ सकता है।
फोन के पब्लिश्ड रेंडर्स सही हैं तो जल्द हमें अंडर-डिस्प्ले सेल्फी कैमरा वाला नोकिया फोन देखने को मिलेगा। रेंडर्स की मानें तो इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर और कैमरा के लिए खास OLED मैट्रिक्स दिया जाएगा। फोन का मेन कैमरा पांच सेंसर वाला हो सकता है। गोलाकार मेन मॉड्यूल में एक टेलिफोटो और एक विड्थ सेंसर भी दिया जा सकता है। लीक्स और अफवाहों की मानें तो Nokia 9.3 PureView में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले देखने को मिल सकता है। खास सेल्फी कैमरा टेक्नॉलजी के चलते इस फोन की कीमत भी ज्यादा हो सकती है।
कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि Nokia 9.3 PureView को करीब 800 डॉलर (करीब 59,000 रुपए) कीमत के आसपास उतारा जाएगा। फ्लैगशिप डिवाइस होने के चलते इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 865 प्रोसेसर मिल सकता है। इसके अलावा फोन 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज के अलावा 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरियंट में भी उतारा जाएगा। फोन के रियर कैमरा सेंसर्स से जुड़े डीटेल्स सामने नहीं आए हैं लेकिन माना जा रहा है कि इसमें सेल्फी और विडियो कॉलिंग के लिए डिस्प्ले के नीचे 32 मेगापिक्सल का सेंसर दिया जा सकता है।










