पंजाब में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर से महज 800 मीटर दूर हैरिटेज स्ट्रीट पर सोमवार सुबह फिर जोरदार धमाका हुआ। इस इलाके में 32 घंटे में यह दूसरा धमाका था। हालांकि इसमें किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। इससे पहले शनिवार रात को भी यहां धमाका हुआ था। उसमें छह लोग जख्मी हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, बम को कोल्ड ड्रिंक के टिन में डालकर लटकाया गया था। यह दोनों ही कम डेंसिटी वाले बम थे। ये क्रूड बम हैं। इस बीच फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई हैं। शुरुआती जांच में कोई भी डेटोनेटर बरामद नहीं हुआ।
इस संबंध में डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि इन धमाकों के मकसद के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आतंकवाद, शरारत और पर्सनल एंगल, तीनों को ध्यान में रख कर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
इससे पहले शनिवार को हुए धमाके को पुलिस पहले रेस्टोरेंट में चिमनी का ब्लास्ट मान रही थी। जब सुबह जांच शुरू हुई तो पुलिस के तथ्य बदल गए। डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि यह हादसा चिमनी के ब्लास्ट से नहीं हुआ था। कुछ संदिग्ध चीजें मिलीं, जिन्हें फोरेंसिक विभाग देख रही है।










