नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर बुधवार को पथराव कर दिया गया। दुर्ग से भिलाई के बीच हुई इस घटना में एक खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, इस खिड़की के पास कोई यात्री बैठा नहीं था। आरपीएफ ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार की शाम 6:09 बजे नागपुर यह चली ट्रेन दुर्ग से भिलाई के बीच थी कि अचानक तेज आवाज आने लगी। घबराए यात्रियों ने देखा कि बाहर कुछ लोग पत्थरबाजी कर रहे हैं। इसके कारण ई-1 कोच की सीट नंबर एक के पास की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। वंदे भारत पर पत्थरबाजी की यह दूसरी घटना है।
चेन्न्ई से बिलासपुर आते समय असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया था। तीन दिन बाद ट्रेन का शुभारंभ होना था, इसलिए आनन-फानन में नया शीशा मंगवाकर बदला गया। कामटी में रेलमार्ग के किनारे कुछ लोग पत्थर लेकर खड़े थे। ट्रेन को रोका गया और इसमें ड्यूटीरत आरपीएफ के जवानों ने उन्हें खदेड़ा था।
इस संबंध में बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम -विकास कश्यप ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन में पत्थरबाजी हुई है। एक कोच की खिड़की का शीशा भी टूटा है। दुर्ग-भिलाई के बीच की इस घटना की आरपीएफ जांच कर रही है। मामले में कार्रवाई भी होगी।










