पंजाब में नई पार्टी का ऐलान करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस नवजोत सिंह सिद्धू को जितना जल्दी निकाल दे उतना ही बेहतर होगा, क्योंकि सिद्धू के रहते कांग्रेस और नीचे जाएगी। सिद्धू कांग्रेस पार्टी के लिए खतरनाक है।
कैप्टन ने अपनी पार्टी में कांग्रेस को छोड़ बाकी सभी दलों से गठबंधन का स्वागत किया है, लेकिन प्रदेश के सीनियर कांग्रेसी नेता यह मानकर चल रहे हैं कि पंजाब कांग्रेस की कलह खत्म न हुई तो संभव है कि कई मौजूदा विधायक और साइडलाइन सीनियर कांग्रेसी नेता सीधे कैप्टन की पार्टी से जुड़ सकते हैं। जिस तरह से कैप्टन को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया है, वे खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं।
गौर हो कि कैप्टन ने कल ही संकेत दिया था कि वे नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं और पंजाब के हित के लिए उनकी पार्टी किसी से हाथ मिला सकती है।










