रायपुर, 30 अप्रैल 2025:सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत प्रदेशभर में जनसमस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में बस्तर जिले के ग्राम करमरी (भाटागुड़ा पारा) में खराब पड़ा सोलर ड्यूल पंप मरम्मत के बाद पुनः चालू किया गया, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है।
गांव के निवासी गणेश राम द्वारा सुशासन तिहार के दौरान सोलर पंप के बंद होने की शिकायत की गई थी। इस पर छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने 21 अप्रैल 2025 को तकनीशियन भेजकर संयंत्र की तकनीकी खामी दूर की और उसे पुनः क्रियाशील बना दिया।
पंप के चालू होते ही ग्रामीणों को फिर से साफ पानी मिलने लगा है। स्थानीय निवासियों ने शासन और क्रेडा का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता।
बस्तर जिले में क्रेडा द्वारा अब तक 1,043 सोलर ड्यूल पंप तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 777 सोलर ड्यूल पंप स्थापित किए जा चुके हैं। सहायक अभियंता सिदार ने बताया कि सभी मरम्मत योग्य संयंत्रों की नियमित जांच कर सुधार कार्य जारी है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुचारु बनी रहे।
सुशासन तिहार-2025 के माध्यम से सरकार यह संदेश दे रही है कि आम जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देना उसकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।










