रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस दौरान आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में रायपुरवासियों ने 25 लाख से अधिक दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। लाखों दीपों की रोशनी से राजधानी रायपुर जगमगा उठी। जनभागीदारी के इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री अपने निवास कार्यालय से दीप प्रज्वलित करने के बाद कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। छत्तीसगढ़ क्लब चौक से भगत सिंह चौक, घड़ी चौक, शारदा चौक, गौरव पथ और शंकर नगर होते हुए तेलीबांधा तालाब स्थित मुख्य समारोह स्थल तक सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप जलाए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न स्थानों पर रुककर नागरिकों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान उन्होंने घड़ी चौक स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर, शारदा चौक स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भगत सिंह चौक स्थित अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
तेलीबांधा तालाब के मरीन ड्राइव में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़वासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा को संकल्प और जनसेवा को ध्येय मानकर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की प्रतिष्ठा को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के प्रति समर्पण को प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश ने विकास और जनकल्याण के कई क्षेत्रों में व्यापक बदलाव देखे हैं। गरीबों के पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और बुनियादी अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों में गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक, वंचित और जनजातीय समाज सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में 25 लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाना जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण है। सामाजिक, सांस्कृतिक और विभिन्न जनसंगठनों के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी से यह आयोजन व्यापक स्तर पर हुआ।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सेवा और जनभागीदारी के संकल्प से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दीप की ज्योति समाज के अंतिम व्यक्ति तक आशा और खुशहाली का प्रकाश पहुंचाने की प्रेरणा देती है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किए जाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि के लिए रायपुरवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ योग आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास, नॉन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन और बड़ी संख्या में नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।










