अक्षय कुमार और वीर पहाड़िया स्टारर ‘स्काई फोर्स’ 24 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। देशभक्ति से भरी इस फिल्म को गणतंत्र वीकेंड पर रिलीज होने का भरपूर फायदा मिला। अच्छी शुरुआत के बाद इसका ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन भी शानदार रहा। हालांकि वीकडेज में इसकी कमाई में गिरावट भी दर्ज की गई, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। अब ये रिलीज के दूसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है।
अक्षय कुमार की पिछली कई बड़े बजट की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधें मुंह गिरी थीं, लेकिन ‘स्काई फोर्स’ ने एक्टर के फ्लॉप होते करियर को बड़ा सहारा दिया है। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से अच्छा रिव्यू मिला है, जिसके चलते इसकी शुरुआत जबरदस्त रही। इसके बाद भी इसने बॉक्स ऑफिस पर हर दिन कई करोड़ कमाए। वीकडेज होने की वजह से इसके कलेक्शन में गिरावट भी देखी, लेकिन इसकी बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट अच्छी है। इन सबके बीच फिल्म की कमाई की बात करें तो मेकर्स द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक ‘स्काई फोर्स’ ने रिलीज के पहले दिन 15.30 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन फिलम ने 26.30 करोड़ और तीसरे दिन 31.60 करोड़ की कमाई की। चौथे दिन फिल्म का कलेक्शन 8.10 करोड़ रुपये रहा। इसी के साथ मेकर्स के मुताबिक फिलम ने शुरुआती 4 दिनों में 81.30 करोड़ रुपये कमा लिए थे। वहीं सैकनिल्क द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक स्काई फोर्स ने पांचवें दिन 5.75 करोड़ कमाए।
छठे दिन फिल्म का कलेक्शन 6 करोड़ और सातवें दिन 5.64 करोड़ रुपये रहा। अब फिल्म की रिलीज के 8वें दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े आ गए हैं। मेकर्स द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक ‘स्काई फोर्स’ ने रिलीज के आठवें दिन 4.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसी के साथ अक्षय कुमार की फिल्म का 8 दिनों का कुल कारोबार अब 104.3 करोड़ रुपये हो गया है।
‘स्काई फोर्स’ ने रिलीज के 8वें दिन अब तक का सबसे कम कलेक्शन किया है। हालांकि इसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। 160 करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म अभी अपनी लागत वसूलने से काफी दूर है। वहीं अब सिनेमाघरों में शाहिद कपूर की देवा भी रिलीज हो चुकी है। ऐसे में ‘स्काई फोर्स’ को अब देवा से मुकाबला करना पड़ेगा। देवा के आते ही ‘स्काई फोर्स’ की कमाई पर असर पड़ा है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि वीकेंड पर अक्षय कुमार की फिल्म शाहिद की मूवी के आगे कितना कारोबार कर पाती है।










