भारत की आजादी के 75 साल के सफर में हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों को समेटते हुए गूगल ने एक आनलाइन परियोजना शुरू की है। इसमें समृद्ध अभिलेखागार और कलात्मक चित्रण के जरिये देश की कहानी बताई गई है।
‘गूगल आर्ट्स एंड कल्चर” द्वारा शुरू की गई परियोजना ‘इंडिया की उड़ान” देश की उपलब्धियों का जश्न मनाती है। यह इन 75 वर्षों में भारत की अटूट और शाश्वत भावना पर आधारित है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और संस्कृति मंत्रालय तथा गूगल के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक समारोह में आधिकारिक रूप से परियोजना का शुभारंभ किया।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने के लिए गूगल केंद्र सरकार के एक साल तक चलने वाले ‘आजादी का अमृत महोत्सव” कार्यक्रम में सहयोग करेगा। ‘सूचनात्मक आनलाइन सामग्री तक पहुंच बढ़ाने और 1947 के बाद से भारत की प्रगति और भारतीयों के योगदान को दिखाने के लिए” यह संस्कृति मंत्रालय के साथ मिलकर काम करेगा।
कंपनी ने 2022 के लिए अपनी लोकप्रिय ‘डूडल4गूगल” प्रतियोगिता की भी घोषणा की। इसकी थीम है-अगले 25 वर्षों में मेरा भारत…। इसमें पहली से 10वीं कक्षा तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। रेड्डी ने कहा, गूगल केंद्र द्वारा संरक्षित 3,000 से अधिक स्मारकों की सीमाओं का डिजिटल मानचित्र तैयार करने में संस्कृति मंत्रालय की मदद कर सकता है। इससे इन स्थलों की बेहतर निगरानी में मदद मिलेगी।










